भारत में जब भी किसी नई वित्तीय व्यवस्था या बदलाव का सूत्रपात होता है, तो वह केवल एक आर्थिक फैसला नहीं रह जाता; वह जन-मानस में चर्चा, बहस और आशंकाओं का एक नया दौर भी शुरू कर देता है। हाल ही में UPI के भविष्य और उस पर लगने वाले शुल्कों को लेकर जनता स्पष्ट रूप से दो पक्षों में बंट गई है। एक पक्ष इसे तकनीक का स्वाभाविक विकास और व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने का आवश्यक खर्च मानकर इसका स्वागत कर रहा है, तो दूसरा पक्ष इसके पीछे छिपे भविष्य के शुल्कों और नियंत्रण को लेकर गहराई से सशंकित है।
लेकिन इस विभाजन और बहस के बीच जो सबसे बड़ा प्रश्न उभरता है, वह यह है कि सरकार का सूचना एवं प्रसार-तंत्र इतना ढीला क्यों है? आखिर ऐसा क्यों होता है कि हर बड़े फैसले के बाद सबसे पहले अफवाह या नकारात्मकता फैलती है, विपक्ष को बैठे-बिठाए मुद्दा मिल जाता है और बाद में सरकार को स्पष्टीकरण का अंतहीन सिलसिला चलाना पड़ता है?
ताजा उदाहरण UPI पर लगने वाले शुल्क का है। यह भ्रम फैलते देर नहीं लगी कि ₹2,000 से ऊपर के हर UPI लेनदेन पर चार्ज लगेगा। सत्य यह है कि आम नागरिक (Person-to-Person) या सामान्य मर्चेंट भुगतानों के लिए UPI आज भी पूरी तरह मुफ़्त है। शुल्क का प्रावधान ₹2,000 से अधिक के व्यावसायिक लेनदेन पर व्यापारियों (Merchants) के लिए किया गया है। लेकिन सही और समयबद्ध संचार के अभाव में आम जनता के बीच संदेश यही गया कि "सरकार अब UPI पर भी टैक्स वसूलने जा रही है।"
सरकार भले ही कहे कि यह शुल्क व्यापारी देंगे, लेकिन ज़मीनी अर्थशास्त्र कुछ और ही कहता है। आज भी क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करने पर जो दो प्रतिशत शुल्क विक्रेता को देना चाहिए, वह वास्तव में किसी न किसी रूप में ग्राहक ही दे रहा है। UPI पर लगा हुआ यह नया शुल्क भी अंततः ग्राहक की जेब से ही निकलेगा। अगर कोई वस्तु दो हजार से अधिक की खरीदी गई है, तो उसमें दुकानदार का मार्जिन वैसे ही सीमित होता है; उस पर अगर पेमेंट का खर्च और बढ़ जाएगा, तो मुनाफे पर सीधा असर पड़ेगा। समस्या इसी बात से है कि हर बिक्री पर पहले ही सरकार भारी कर वसूल लेती है, उस पर यह अतिरिक्त भार दुकानदारों के लिए पचाना मुश्किल है।
अक्सर लोग तर्क देते हैं कि हर सुविधा मुफ़्त क्यों चाहिए? बात मुफ़्त की नहीं है, बात यह है कि शुल्क उतना ही हो जिसे चुकाने पर किसी की कमर न टूटे। इसमें अगर किसी को सरकार के भीतर कोई ‘रॉबिन हुड’ दिख रहा है, तो यह बेहद संकुचित दृष्टि है। जब कीमतें बढ़ेंगी, तो 20 रुपए का सामान लेने वाला भी उसी बढ़े हुए रेट से पैसा देगा और 20,000 वाला भी।
तो क्या सचमुच अब UPI का प्रयोग कम होगा या लोग फिर से नकद (Cash) की ओर लौटेंगे? संभवतः ऐसा न हो, लेकिन इस आधे-अधूरे फैसले से एक बड़ी नाराजगी तो सरकार ने अकारण ही मोल ले ली है।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच सरकार पर यह आरोप भी लगे कि ये निर्णय वीज़ा (Visa) और मास्टरकार्ड (Mastercard) जैसी विदेशी कंपनियों के दबाव में लिए गए हैं, क्योंकि डिजिटल पेमेंट के मामले में जितना सफल UPI हुआ है, उतना दुनिया में और कुछ नहीं हो सका। इन कंपनियों की नज़र में UPI बहुत पहले से खटक रहा है।
ऐसे में सवाल उठता है कि क्या सरकार वास्तव में यह चाहती है कि UPI का लेनदेन छोटे भुगतानों (2000 से कम) तक सिमट जाए और बड़े भुगतान किसी अन्य माध्यम की ओर मुड़ जाएं? क्या यह ‘अन्य माध्यम’ CBDC यानी ई-रुपया है? क्या यह किसी बड़े बदलाव की भूमिका है?
ई-रुपया (Central Bank Digital Currency) कोई अनियंत्रित क्रिप्टोकरेंसी नहीं है। यह भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा जारी किया गया डिजिटल नोट है। जिस तरह आपकी जेब में रखा कागजी नोट सीधे RBI की गारंटी पर चलता है, ठीक वही दर्जा इस डिजिटल रुपये को प्राप्त है। इसमें कमर्शियल बैंकों के डूबने या दिवालिया होने का जोखिम शून्य होता है।
ई-रुपये की सबसे बड़ी खूबी इसकी ‘शर्त-आधारित’ (Programmable) तकनीक है। जैसे कॉरपोरेट जगत में Sodexo या Pluxee मील कार्ड मिलते हैं। पैसा तो आपका है, लेकिन आप इसे केवल खाद्य पदार्थ खरीदने में ही प्रयोग कर सकते हैं।
मान लीजिए, सरकार किसी किसान को खाद सब्सिडी के लिए ₹2,000 ई-रुपये के रूप में देती है, तो उस डिजिटल कोड को इस तरह प्रोग्राम किया जा सकता है कि वह पैसा केवल रजिस्टर्ड खाद-बीज की दुकान पर ही चले। इससे सरकारी सहायता में होने वाली चोरी या गलत जगह खर्च की समस्या हमेशा के लिए समाप्त हो सकती है। संभवतः आगे जाकर जब सरकार लोगों के खातों में पैसे भेजे, तो यह भी निश्चित करे कि वह कहाँ खर्च हो सकता है। यह टारगेटेड इंसेंटिव (Targeted Incentives) देने का एक अचूक माध्यम बन सकता है।
यदि सरकार की सोच यह है कि किसी भी डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को लंबे समय तक चलाए रखने के लिए उसे आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है, तो आर्थिक दृष्टि से यह एक बेहद व्यावहारिक सोच है। कोई भी व्यवस्था हमेशा सरकारी सब्सिडी या बजट के भरोसे नहीं चल सकती; कल को अगर बजट डगमगाया, तो पूरी व्यवस्था चरमरा जाएगी। यदि सरकार UPI या डिजिटल पेमेंट्स को अपने बलबूते खड़ा करने और उसका पोषण करने के लिए एक न्यायसंगत मॉडल लाना चाहती है, तो देश का नागरिक इसका स्वागत करने में संकोच नहीं करेगा।
परंतु समस्या नीति की नहीं, नीयत को स्पष्ट रूप से सामने न रखने की है।
आज स्थिति यह है कि जनता को कोई स्पष्ट रोडमैप देने के बजाय, घोषणाएं इस तरह सामने आती हैं जैसे कोई मनमाना शुल्क ऊपर से थोप दिया गया हो। यदि मंशा ई-रुपये को प्रमोट करने की है और UPI के साथ एक स्थायी, सुरक्षित विकल्प देश के सामने रखने की है, तो दोनों बातें एक साथ, पारदर्शी तरीके से क्यों नहीं बताई जातीं? जब नागरिक को यह स्पष्ट दिखेगा कि उसके पास क्या वैकल्पिक व्यवस्थाएं हैं, तो वह भ्रमित होने के बजाय जागरूक होकर निर्णय लेगा। अभी तो अनमने से प्रचार और थोपी हुई घोषणाओं के अलावा कुछ अधिक नज़र नहीं आता।
सरकार को यह समझना होगा कि यह एक बदलता हुआ समाज है। अब आप बिना कारण और उद्देश्य बताए कोई भी काम जनता से नहीं करवा सकते। लोग प्रश्न पूछेंगे ही। अब यह सरकार पर निर्भर करता है कि वह उन प्रश्नों को ‘विरोध’ मानकर रायता फैला ले, या अपना समझाने का तरीका बदलकर लोगों को साथ लेकर चले। मर्जी पूरी तरह सरकार की है।
निष्कर्षतः, ई-रुपया न तो क्रिप्टो की तरह अनियंत्रित है, और न ही यह UPI का विरोधी है। यह डिजिटल युग में RBI का एक सुरक्षित और आधुनिक कदम है। लेकिन जब तक सरकार का जन-संचार तंत्र सजग नहीं होगा और अनमने प्रचार के बजाय सीधी, स्पष्ट बातचीत नहीं करेगा, तब तक हर अच्छी और दूरगामी नीति भी जनता के बीच केवल "थोपे गए फैसले" के रूप में ही देखी जाती रहेगी। समय आ गया है कि सरकार स्पष्टीकरण देने के मोड से बाहर निकले और पहले दिन से ही पारदर्शी संवाद की नीति अपनाए।
No comments:
Post a Comment