Showing posts with label लाल किला. Show all posts
Showing posts with label लाल किला. Show all posts

Saturday, August 15, 2026

मेरा दृश्य अधूरा है, फिर भी भरोसा पूरा है

कुछ साल पहले मैं अपनी कंपनी के उच्चाधिकारियों के प्रति आलोचनात्मक भाव रखता था। उनके निर्णय मुझे कभी समझ नहीं आते थे। पूरी तरह समझ तो आज भी नहीं आते हैं। अचानक किसी बिजनेस सेगमेंट को बेच देना, किसी को निकाल देना, किसी को बाहर से लाकर ऐसी टीम के ऊपर बिठा देना जो ठीक काम कर रही थी और उसके आने के बाद सब खराब होने लगना। बहुत से आर्थिक और पॉलिसी के निर्णय मुझे समझ नहीं आते और मूर्खता लगते हैं।

एक दिन एक वरिष्ठ सहयोगी ने मुझे समझाया कि हम सब चीजों को एक निश्चित ऊँचाई से देखते हैं। तब अपना एक दृष्टिकोण तो होता है, लेकिन आपके सामने पूरा दृश्य क्या है उस पर ध्यान नहीं देते। आप जहाँ खड़े हैं वहाँ से आपको जो दिख रहा है, संभवतः वह पूरा दृश्य हो ही न।

इसलिए एक बार उस व्यक्ति का दृष्टिकोण भी देखना चाहिए जो आपसे ऊपर किसी अलग जगह खड़ा है और संभवतः उसका दृश्य अधिक विस्तृत है, आपसे अलग है। आपको जो स्पष्ट दिख रहा है क्योंकि आप उसके दृश्य के निकट हैं, उस व्यक्ति को वह दिखता ही नहीं होगा क्योंकि वह दूर से लेकिन व्यापक रूप से देख रहा हो। इसीलिए आपकी प्राथमिकताएँ अलग होंगीं और उस व्यक्ति की अलग। जो आपके लिए अतिमहत्वपूर्ण होगा, संभवतः दूसरे व्यक्ति को वह दिखता ही न हो। 

फिर वीपी के केबिन की तरफ इशारा करके वे बोले, आप अपनी आठ लोगों की टीम और अपने एक प्रोजेक्ट की बात कर रहे हैं, उस आदमी को शायद आठ हजार लोग और आठ सौ प्रोजेक्ट देखने होते हैं। उस केबिन के साथ जिम्मेदारी भी आती है। दृष्टिक्षेत्र बदल जाता है।

आप अपने दृष्टिक्षेत्र में लाभ-हानि का आकलन करेंगे, वह अपने दृष्टिक्षेत्र में। इसे केवल पद के संदर्भ में नहीं देखा जाना चाहिए। व्यक्ति के संदर्भ में परिभाषा और परिणाम अलग होते हैं। किसी की व्यक्तिगत क्षमता और मानसिकता कैसी है, वह उसके पद से परे है। 

बुद्धिमान व्यक्ति अपने ज्ञान और तर्क से स्थिति का अनुमान लगाता है। मूर्ख कुढ़ता है और समस्या उत्पन्न करता है।

यही तर्क मैं फिलहाल वर्तमान सरकार की कार्यप्रणाली और निर्णयों का आकलन करने में लगाता हूँ। मैं सरकार का समर्थक हूँ बिना इसका खंडन करते हुए। यह समर्थन मुझे सरकार की आलोचना से और प्रश्न पूछने से नहीं रोकता। पर मैं सरकार के उत्तर को सुनने का धैर्य और समझने की बौद्धिक क्षमता रखता हूँ। अगर अंधसमर्थन गलत है तो अंधविरोध भी।

सरकार की सफलता और असफलता का आकलन भारतवासियों की सामूहिक चेतना निरंतर करती है और निर्णय चुनावों में देती है। भारत एक भूखंड मात्र नहीं है, एक जीवित देश है। और इस देश की चेतना सामूहिक जनमानस है। फिलहाल जनसमर्थन से ही मोदीजी प्रधानमंत्री हैं।

मोदीजी की नीति और नीयत पर प्रश्न ही नहीं है। भाजपा राष्ट्रवादी है। कुछ गलत लोग लाभ के लिए पार्टी और सरकार से जुड़े हैं, इसमें भी शंका नहीं है। कुछ पाखण्डी और लोभी लोग आर्थिक लाभ कमा रहे हैं, यह भी छुपा नहीं है। कुछ देशविरोधी और समाज को तोड़ने वाले लोग सरकार के हिमायती बनकर संरक्षण पा गए हैं, यह भी सत्य है। सरकार ने उन लोगों पर कठोर दंडात्मक कार्यवाही नहीं की जो देश के शत्रु हैं, दंड के अधिकारी हैं। सरकार के कुछ निर्णय उसके समर्थकों की समझ से परे हैं, आशा के विपरीत हैं।

लेकिन फिर मैं मूल प्रश्न पर आ जाता हूँ। मैं जहाँ खड़ा होकर यह सब घटनाक्रम देख रहा हूँ, क्या वह पूरा दृश्य है? क्या कहीं और कुछ और तो नहीं चल रहा जिसका हमें पता ही न हो?

मुझे व्यक्तिगत रूप से लगता है कि इस समय सरकार एक से अधिक समस्याओं से जूझ रही है। यह विरोध, विपक्ष और आलोचना सरकार की समस्या है ही नहीं।

संभवतः भारत पर इस समय एक से अधिक आक्रमण हो रहे हैं। युद्ध केवल सीमाओं तक सीमित नहीं है। युद्ध हमारे मन तक पहुँच चुका है। हम सब इस समय लड़ रहे हैं दुष्प्रचार से। मनोवैज्ञानिक युद्ध हमारे विश्वास को तोड़ने के लिए लड़ा जा रहा है। हमें बाँटने और भड़काने की कोशिशें हो रही हैं जाति, धर्म, भोजन, क्षेत्र, भाषा और अब आयु। पीढ़ियों को आपस में लड़ाकर भारत की मूल शक्ति “कुटुंब” और परिवार की अवधारणा पर प्रहार हो रहा है। सोचिए, एक वृद्ध को सार्वजनिक रूप से अश्लील अपशब्द कहने को आंदोलन और एक पीढ़ी की भाषा बताना, उस पीढ़ी को अपने परिवार को छोड़ देने और अपने ही माता-पिता को अपशब्द कहना। उसके बाद जब प्रधानमंत्री युवाओं से संवाद करते हुए “बेटी” शब्द का प्रयोग करते हैं तो वामपंथी पत्रकारों का आपत्ति जताते हुए कहना कि यह पीढ़ी तुम्हारे बेटी-बेटा नहीं है। यह कुत्सित मानसिकता है। भारत के हर क्षेत्र में एक आयु के बाद व्यक्ति दादा या बाबा हो जाता है। जन्म से लेकर एक आयु तक वह पूरे गाँव का बेटा, बेटी, बिटवा, लाला, लाली ही रहता है।

यह सब सांस्कृतिक आक्रमण है। यही दिमागी नक्सलवाद है। विरोध की भावना, अच्छा-बुरा देखे बिना, सही-गलत सोचे बिना बस विरोध करो। दिमाग में हर समय बस विरोध और नकारात्मकता रहना ही दिमागी नक्सलवाद है। दिमागी नक्सल कुछ रचनात्मक नहीं करते, ये आधुनिक भस्मासुर हैं। एक न एक दिन स्वयं को भस्म करेंगे ही।

सीमा पर कुछ न कुछ तनाव चल ही रहा है। आतंकवादी केवल मौका ही देख रहे हैं। साइबर युद्ध लगातार चल रहा है जिसमें यही नहीं पता कि लड़ने वाला कौन है, कहाँ से लड़ रहा है और उसका निशाना कौन है।

आर्थिक आतंकवाद से सारी दुनिया पीड़ित है। भारत के उद्योगपतियों को निशाना बनाया जा रहा है। मोदी के लाल किले के भाषण में उन्होंने कहा कि आज जिसके पास जो संसाधन है वह उसी को अपना हथियार भी बना रहा है। टेक्नोलॉजी, तेल, दवाई सब अस्त्र की तरह प्रयोग हो रहे हैं। सिविल डिफेंस की बात उठाना भी किसी ऐसे ही आक्रमण की आहट है।

अग्निवीर योजना उस संकट से निपटने की तैयारी ही साबित होगी।

सरकार अपने विरुद्ध धरना-प्रदर्शन होने देती है, अराजकता फैलने देती है, हम गुस्सा होते हैं। फिर एक मंत्री इस्तीफा दे देता है। जब गुस्सा हुए लोग लगते हैं कि अब तो बिल्कुल इस्तीफा नहीं देना चाहिए।

शायद कभी सच खुले और सामने आ जाए कि ऐसा क्यों हुआ।

लेकिन तब तक इस पूर्ण विश्वास के साथ कि व्यापक घटनाक्रम को सरकार जैसे देख-समझ पा रही है, वह दृश्य अभी मेरे सामने नहीं है। जिस प्रकार के प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष युद्ध भारत पर थोपे जा रहे हैं, वह मैं देख पा रहा हूँ। इसलिए सरकार, सुरक्षा एजेंसियों और प्रधानमंत्री पर पूरा भरोसा रखते हुए मैं पुनः सरकार के समर्थन में हूँ। वे अपना काम कर रहे हैं, मैं अपना काम कर रहा हूँ। इस विश्वास के साथ कि मोदीजी अब भी “मैं देश नहीं झुकने दूँगा” के वचन पर कायम हैं। 

Privacy Policy for Ashta Changa - The Kauri King

. Privacy Policy for Ashta Changa - The Kauri King Effective Date: October 12, 2026 1. Introduction Welcome to Ashta Changa - The Kauri Ki...